कौशाम्बी: प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र में चोरी,दरवाजा-खिड़की उखाड़ ले गए चोर,
यूपी के कौशाम्बी जिल में चायल तहसील क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य उपकेंद्र में रविवार रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर स्वास्थ्य उपकेंद्र में लगे दरवाजे और खिड़कियों को उखाड़कर अपने साथ ले गए। सोमवार सुबह गांव के लोग जब शौच के लिए निकले तो उनकी नजर स्वास्थ्य उपकेंद्र पर पड़ी। दरवाजा और खिड़की गायब देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने स्वास्थ्य उपकेंद्र का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र जैसी सार्वजनिक जगह पर चोरी की घटना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरों का पता लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।








