50 हजार का इनामी वांछित फरीदाबाद हरियाणा से अरेस्ट,मंझनपुर पुलिस और सीआईडब्लू टीम की कार्रवाई

कौशाम्बी: 50 हजार का इनामी वांछित फरीदाबाद हरियाणा से अरेस्ट,मंझनपुर पुलिस और सीआईडब्लू टीम की कार्रवाई,

यूपी के कौशाम्बी जिले की मंझनपुर थाना पुलिस और क्राइम इन्वेस्टिगेशन विंग की संयुक्त टीम ने चोरी और गोवध निवारण अधिनियम से जुड़े मामले तथा गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी वांछित आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद से अरेस्ट किया है। पुलिस ने आरोपी को कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

सीओ सौरभ सामंत ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को एदिलपुर निवासी बुदुनलाला ने मंझनपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि 22 फरवरी की रात अज्ञात लोग उनकी गाय चोरी कर ले गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान मोनू, अवसाब और अदीब के नाम सामने आए तथा मामले में गोवध निवारण अधिनियम की धाराएं भी बढ़ाई गईं।

इसके अलावा 23 फरवरी 2026 को मोनू, अवसाब समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपी मोनू को पुलिस पहले ही 1 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि अवसाब फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज परिक्षेत्र की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

फरार आरोपी की तलाश में मंझनपुर थाना पुलिस, सीआईडब्लू और सर्विलांस टीम लगातार जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अवसाब गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीदाबाद, हरियाणा में रहकर काम कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम हरियाणा पहुंची और गली नंबर-1, सेक्टर-25, कृष्णा नगर, थाना सेक्टर-58, फरीदाबाद से आरोपी अवसाब पुत्र मंजूर अली उर्फ मुत्तन, निवासी काशीराम कॉलोनी समदा, थाना मंझनपुर, कौशाम्बी को अरेस्ट कर लिया और आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor