जिले में नहीं थम रहा बालू ओवरलोडिंग का खेल, 15 दिन में 70 वाहनों का चालान

कौशाम्बी

जिले में बालू घाटों से ओवरलोडिंग का खेल नहीं बंद हो रहा है। नतीजतन सड़के तो क्षतिग्रस्त हो ही रही हैं। इसके अलावा विभाग को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। हालांकि डीएम अमित कुमार सिंह ने बालू ओवरलोडिंग को रोकने के लिए रिटायर्ड सेना के जवानों को लगा दिया है। इसके बाद भी बालू माफिया इनकी नजरों से बचकर ओवरलोड वाहनों को निकालने में गुरेज नहीं कर रहे हैं। आज सुबह भी कुछ ओवरलोड बालू लदे वाहन कच्चे रास्ते से होकर निकल रहे थे। जब सचल दस्ते में शामिल रिटायर्ड सेना के जवानों की निगाह पड़ी तो उन्होंने ओवरलोड वाहनों का पीछा कर लिया और कोखराज इलाके में 4 ओवरलोड ट्रकों को पकड़ लिया। सचल दस्ते ने जानकारी एआरटीओ एवं खनन अधिकारी को दी। मौके पर पहुंच कर अफसरों ने वाहनों का चालान कर दिया। जिला खनन अधिकारी आरपी सिंह ने बताया कि 15 दिन के भीतर 70 बालू लदे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। जिनसे लगभग 40 लाख रुपए का शमन शुल्क भी वसूला गया है। उन्होंने यह भी बताया कि डीएम के निर्देश पर रिटायर्ड सेना के जवानों को भी बालू की ओवरलोडिंग रोकने के लिए सचल दस्ते के रूप में लगाया गया है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor