कौशाम्बी: पुरानी रंजिश में दबंगों ने ग्राम प्रधान पति पर किया बम से हमला,बम धमाके की घटना CCTV में कैद,
यूपी के कौशाम्बी जिले में रास्ते के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जहां दबंगों ने ग्राम प्रधान पति के उपर बम से हमला कर दिया। बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना पिपरी थाना क्षेत्र के लोधौर गांव की है जहां के राजसिंह पुत्र स्वर्गीय दिरगज सिंह ने बताया कि वह वर्तमान ग्राम प्रधान पति हैं। रात करीब 10:30 बजे वह अपने द्वारा बनवाए गए गांव के मिठाई लाल गुप्ता के कमरे पर थे। तभी गांव के ही पंकज सिंह व कौशलेंद्र सिंह पुत्र लवकुश सिंह, वहां पहुंचे और कमरे को तोड़फोड़ करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से बम से हमला कर दिया।
इसी बीच पुलिस पहुंची आरोप है कि पुलिस के सामने भी एक बम फेंका गया गनीमत रही कि बम से को नुक़सान नहीं हुआ। राजसिंह के अनुसार, वह किसी तरह अपनी जान बचाकर घर के अंदर घुस गया। हमलावर जाते-जाते उसे और उसके स्वजन को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपियों से पहले से रास्ते को लेकर विवाद चला आ रहा है, जिसकी वजह से यह घटना हुई।घटना वहां लगे हुए CCTV कैमरे में कैद हो गई।
घटना के बाद पीड़ित ने पिपरी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी और अपने स्वजन की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास सिंह का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच कराई जा रही है। साथ आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।








