कौशाम्बी: कौशाम्बी जिला जेल में गूंजा भाई-बहन के प्रेम का भाव,बहनों ने बंदी भाइयों की कलाई पर बांधी राखी,
यूपी के कौशाम्बी जिला जेल में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भावुक और आत्मीय माहौल देखने को मिला। जेल में निरुद्ध बंदी भाइयों की बहनों ने कारागार पहुंचकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का भाव साफ नजर आया।
रक्षाबंधन को देखते हुए जेल प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि बहनें अपने बंदी भाइयों से मुलाकात कर सकें और परंपरागत रूप से उन्हें राखी बांध सकें। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बहनों को मुलाकात का अवसर दिया गया।
बहनों ने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके लिए मंगलकामना की। वहीं बंदी भाइयों ने भी अपनी बहनों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उन्हें हर परिस्थिति में साथ देने का संकल्प जताया। कई भाई-बहनों के बीच मुलाकात का यह पल भावुक कर देने वाला रहा।
जेल अधीक्षक अजितेश कुमार मिश्रा ने रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक इंतजाम किए। मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया।
रक्षाबंधन के अवसर पर जिला जेल में आयोजित यह मुलाकात भाई-बहन के रिश्ते की मजबूती और पारिवारिक भावनाओं की खूबसूरत तस्वीर पेश करती नजर आई। जेल की चारदीवारी के बीच भी राखी के धागे ने भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व को और मजबूत कर दिया।








