कौशाम्बी: अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी कौशाम्बी की बेटी सुनीता सरोज ने बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में जीता सिल्वर मेडल,
यूपी के कौशाम्बी जिले की बेटी सुनीता सरोज ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर जिले का नाम रोशन कर दिया है। भुवनेश्वर के कलिंगा स्टेडियम में आयोजित बिम्सटेक अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में सुनीता ने महिला 5000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है।इस प्रतियोगिता में भारत,श्रीलंका,बांग्लादेश,नेपाल, म्यांमार और भूटान सहित 6 देशों के 201 खिलाड़ियों ने 32 स्पर्धाओं में हिस्सा लिया। यह आयोजन 25 से 27 नवंबर तक चल रहा है।
महिला 5000 मीटर दौड़ में भारत की सोनम परमार ने 17 मिनट 31.12 सेकंड के समय के साथ गोल्ड मेडल जीता,जबकि सुनीता सरोज ने 17 मिनट 31.66 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल कर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। श्रीलंका की के. निदुकी प्रार्थना 17 मिनट 47.07 सेकंड के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
मंझनपुर क्षेत्र के बरई बंधवा गांव की रहने वाली सुनीता सरोज का खेल सफर मेहनत,अनुशासन और निरंतर अभ्यास की मिसाल है। स्पोर्ट्स स्टेडियम कौशाम्बी में अभ्यास करने वाली सुनीता पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। उनके इस प्रदर्शन में कोच संदीप कुमार और कोच रुस्तम खान के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।सुनीता ने अपनी इस उपलब्धि को माता गुरुदेई और पिता चुन्नी लाल को समर्पित किया।
वही ओलम्पिक संघ अध्यक्ष डॉ.अरुण केशरवानी ने बताया कि सुनीता की सफलता से पूरे जनपद के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में खुशी की लहर है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना जिले की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है।सुनीता की यह उपलब्धि साबित करती है कि प्रतिभा,मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर छोटे गांव की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का तिरंगा बुलंद कर सकती हैं।








