कौशाम्बी में पुलिस ने चलाया ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान,वाहन चालकों को किया जागरूक

कौशाम्बी: कौशाम्बी में पुलिस ने चलाया ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान,वाहन चालकों को किया जागरूक,

यूपी के कौशाम्बी जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से एसपी सत्यनारायण के निर्देशन में जनपद में लगातार वाहन चेकिंग एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मंगलवार को सीओ यातायात भैया संतोष कुमार के नेतृत्व में यातायात पुलिस एवं थाना कोखराज पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से कोखराज टोल प्लाजा के पास ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान वाहन चालकों की सघन चेकिंग की गई तथा शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही वाहन चालकों को नशे की हालत में वाहन न चलाने, यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए जागरूक किया गया।

पुलिस ने जागरूक किया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख जोखिम कारक है। इस प्रकार की लापरवाही से वाहन चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों एवं वाहन सवारों का जीवन भी खतरे में पड़ सकता है। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ऐसे चेकिंग अभियान निरंतर जारी रहेंगे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor