अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में सकिपा कार्यकर्ताओं ने घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर किया जमकर प्रदर्शन

कौशाम्बी: अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ सैकड़ों की संख्या में सकिपा कार्यकर्ताओं ने घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर किया जमकर प्रदर्शन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी ने अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ बुधवार को मोर्चा खोल दिया। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी की अगुवाई में जिले के घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव किया और जमकर प्रदर्शन नारेबाजी की,साथ ही अधिशाषी अभियंता विद्युत के नाम संबोधित एक मांगपत्र उपखंड अधिकारी सिराथू रमा शंकर पाल को सौंपा। सौंपे गए मांगपत्र के माध्यम से घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र समेत जिले के सभी विद्युत उपकेन्द्र से संचालित विद्युत फीडरो से रोस्टर के अनुरूप शासन द्वारा तय घंटे के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की गई।

बुधवार को समर्थ किसान पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता विद्युत कटौती के खिलाफ सुबह दस बजे से ही घाटमपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंचने लगे और देखते ही देखते भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और दरी बिछाकर बैठ गए और विद्युत कटौती बंद करो…. बंद करों…. के नारे लगाने लगे। इस अवसर पर पार्टी नेता अजय सोनी एवं पार्टी जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी समेत पार्टी के कई नेताओं ने लोगो को संबोधित किया।

अपने संबोधन में अजय सोनी ने कहा कि इस समय दिन रात पूरे जिले भर में अघोषित विद्युत कटौती जारी है। खासकर रात के समय तो विद्युत कटौती बार बार होती है और नाममात्र ही विद्युत आपूर्ति हो पाती है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है जिसे कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सुबह दस बजे से प्रदर्शन कर रहे लोगों से मिलने करीब साढ़े बारह बजे विद्युत उपखंड अधिकारी सिराथू मौके पर पहुंचे और वार्ता की। वार्ता के क्रम में अजय सोनी और जिला अध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी समेत तमाम लोगों ने बताया कि इस समय विद्युत कटौती से लोग परेशान हैं और त्राहि त्राहि कर रहे हैं। ऐसे में विद्युत कटौती बंद होनी चाहिए।

अजय सोनी ने कहा कि जल्द ही विद्युत कटौती बंद नहीं हुई तो हजारों की संख्या में समर्थ किसान पार्टी के कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे। मांगपत्र स्वीकार करते हुए उपखंड अधिकारी सिराथू रमा शंकर पाल ने कहा कि विद्युत कटौती बंद करने की मांग पर सम्बंधित अधिकारियों को अवगत कराया जायेगा और कटौती बंद किए जाने हेतु समुचित कार्रवाई कराई जायेगी।

इस अवसर पर डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद, डॉक्टर संदीप कुमार विश्वकर्मा, बद्री प्रसाद प्रजापति, मंझा केसरवानी प्रधान, रुद्र सिंह रजिस्टार, संदीप सिंह, दिलीप सोनकर, धीरेंद्र कुमार दुबे, नरेंद्र दुबे, सुनील तिवारी, तीरथ लोध, प्रधान मौर्य, उजित सरोज, फूलचंद्र प्रजापति, बबलू केसरवानी, दिलीप सोनकर, जुम्मन अली, रुक्मिणी देवी, निशा देवी आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor