कौशाम्बी: झारखंड में छात्रों पर लाठी चार्ज के विरोध में ABVP नें फूंका झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला,
यूपी के कौशाम्बी जिले में झारखंड में JPSC एवं JSSC की परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया से जुड़े विषयों को लेकर आंदोलनरत विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के विरोध में ABVP के कार्यकर्ताओं द्वारा मंझनपुर मुख्यालय पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
झारखंड में JPSC एवं JSSC की परीक्षा एवं भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर विद्यार्थी आंदोलनरत हैं। अपनी मांगों को लेकर विद्यार्थियों द्वारा विधानसभा घेराव का प्रयास किया गया, जिसके दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किए जाने की घटना सामने आई। विद्यार्थियों के साथ हुई इस पुलिस कार्रवाई के विरोध में ABVP द्वारा देशव्यापी प्रदर्शन का आह्वान किया गया है।
इस दौरान जिला संयोजक सुशील सोनकर ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान लाठी और बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से किया जाना चाहिए। JPSC एवं JSSC से जुड़े छात्र हित के विषयों का पारदर्शी और न्यायपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
प्रांत कार्यसमिति सदस्य आनंद पटेल ने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के बजाय झारखंड सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से सुनना चाहिए। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले विद्यार्थियों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। सरकार को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।
ABVP कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए तथा JPSC एवं JSSC से जुड़े छात्र हित के विषयों का शीघ्र, पारदर्शी एवं न्यायपूर्ण समाधान किया जाए। विद्यार्थी परिषद ने स्पष्ट किया कि देश के किसी भी हिस्से में विद्यार्थियों के अधिकारों एवं सम्मान के साथ अन्याय होगा, तो ABVP लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से विद्यार्थियों की आवाज बुलंद करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला संयोजक सुशील सोनकर , प्रांत कार्यसमिति सदस्य आनंद पटेल , नगर मंत्री दीपक राजपूत, अनिल साहू , दिव्य केसरवानी, विराट भट्ट,पवन भट्ट अनुराग चौरसिया, मयंक ,विज्ञांशु , विनीत शर्मा शिवा त्रिपाठी , जीतू , विवेक , पूर्व जिला संयोजक शिवांशु शुक्ला सहित परिषद अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।








