कौशाम्बी: नए पुलों के निर्माण एवं जर्जर पुलों की मरम्मत को लेकर सकिपा अध्यक्ष ने सिंचाई विभाग से की मांग,
यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी नेता एवं जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने जिले के कई जर्जर पुलों की मरम्मत एवं जनहित में नए पुलो के निर्माण कराए जाने को लेकर सिंचाई विभाग से मांग की है। शनिवार को पार्टी नेता अजय सोनी ने अपने कई कार्यकर्ताओं के साथ करारी माइनर नहर के जवई पुल, उदहिन बुजुर्ग पुल, कलुआपुर पुल, तन्नापर पुल, भैला गुवारा पुल आदि जर्जर पुलों का स्थलीय जायजा लिया और जर्जर पुलों की हालत देखी। साथ ही करारी माइनर नहर के गांव बंबुपुर गभीरा गांव के बीच एवं गंभीरा माइनर नहर के कैनी गांव के लिए पुल नहीं होने की गंभीर समस्या का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर कई ग्रामीणों ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कई बार जर्जर पुलों की मरम्मत कराए जाने और नए पुलों के निर्माण हेतु शिकायत एवं मांग की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में सकिपा नेता अजय सोनी ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता अंकित अग्रवाल को मौके पर से ही फोन पर वार्ता कर स्थिति से अवगत कराया। साथ ही जनहित मे जर्जर पुलों की मरम्मत कराए जाने एवं कई गांवों के लोगों के लिए नए पुलों के निर्माण कराए जाने हेतु मांग की।
अजय सोनी ने कहा कि ग्राम बंबूपुर गंभीरा के बीच करारी माइनर नहर में नए पुल का निर्माण कराया जाना जनहित में जरूरी है, साथ ही गंभीरा माइनर नहर में ग्राम कैनी के पास नए पुल का निर्माण कराया जाना भी जनहित में जरूरी है ताकि आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए आवागमन सुविधाजनक हो सके। सहायक अभियंता अंकित अग्रवाल ने समुचित कार्यवाही करने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत सहित कई अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर नए पुल बनाने का अजय सोनी को आश्वासन दिया है।
इस अवसर पर गोविंद यादव, मुकेश सोनी, नरेंद्र दुबे, सुनील मौर्य, सोहन सिंह, प्रमोद सेन आदि मौजूद रहे।








