कौशाम्बी: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के लिए 28 फील्ड ट्रेनरों का शुरू हुआ तीन दिवसीय प्रशिक्षण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) के सफल एवं सुचारु संचालन के लिए प्रथम बैच में चयनित 28 फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑडिटोरियम, डायट में दिया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जनगणना अधिकारी एवं एडीएम वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
जिला जनगणना अधिकारी ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की योजनाओं के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के दौरान एकत्रित होने वाली सूचनाओं की शुद्धता एवं विश्वसनीयता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण में निर्धारित प्रक्रियाओं, प्रपत्रों एवं तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझें और प्रशिक्षण के उपरांत अपने-अपने क्षेत्रों में गणनाकारों एवं अन्य संबंधित कार्मिकों को प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित करें। उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनरों की भूमिका जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण है।
मास्टर ट्रेनर देवेश सिंह यादव एवं संदीप कुमार तिवारी द्वारा जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, गणना की कार्यप्रणाली, आवश्यक सावधानियों तथा कार्मिकों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया जा रहा है। तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों को जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में अपनाई जाने वाली प्रक्रिया एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का उद्देश्य फील्ड स्तर पर जनगणना कार्य में एकरूपता, पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करना है।
जिला जनगणना अधिकारी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण में पूरी गंभीरता एवं सक्रियता के साथ प्रतिभाग करने तथा प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को फील्ड स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट/नोडल अधिकारी प्रशिक्षण अरुण कुमार, जिला प्रभारी जनगणना राजकुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी रविंद्र कुमार जयसवाल एवं जनगणना लिपिक सुनील कुमार उपस्थित रहे।








