कौशाम्बी: जनता के सुख-दुख में सबसे आगे खड़े नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी, वार्डों में पहुंचकर सुनीं समस्याएं,
यूपी के कौशाम्बी जिले के नगर पालिका परिषद मंझनपुर के नगर पालिका अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी ने नगर के वार्ड नंबर 6 (हेडगेवार नगर) एवं वार्ड नंबर 15 (सुभाष चन्द्र बोस नगर) का भ्रमण कर वार्डवासियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर पहुंचकर लोगों का हालचाल जाना और नगरवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
नगर पालिका अध्यक्ष ने वार्डवासियों से सड़क, नाली, पेयजल एवं साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की और सभी मुद्दों के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। जनता के बीच सहज और संवेदनशील अंदाज में उपस्थित होकर उन्होंने यह संदेश दिया कि नगर का हर नागरिक उनके लिए सर्वोपरि है।
भ्रमण के दौरान नगर अध्यक्ष वीरेंद्र सरोज फौजी ने मौके पर मौजूद अवर अभियंता को साथ लेकर सड़कों और नालियों की नाप कराई तथा संबंधित कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
नगरवासियों ने अध्यक्ष की सक्रियता, सरलता और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि वीरेंद्र सरोज फौजी नगर के विकास को लेकर लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और हर समस्या पर व्यक्तिगत ध्यान दे रहे हैं।
इस अवसर पर अवर अभियंता ओमकार पटेल, लेखा लिपिक संजय कुमार गुप्ता, सभासद नत्थू लाल, मुन्नी लाल सरोज, वार्ड सर्वेयर, सफाई नायक सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।








