कौशाम्बी: SIR में फर्जी फॉर्म-7 से मतदाता नाम काटे जाने का सपाइयों ने लगाया आरोप,एसडीएम चायल को सौंपा ज्ञापन,
यूपी के कौशाम्बी जिले में समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार अहमद खान के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को एसडीएम चायल को ज्ञापन सौंपकर विधानसभा क्षेत्र की SIR मतदाता सूची में कथित तौर पर फर्जी फॉर्म-7 के जरिए नाम कटवाने की साजिश का आरोप लगाया।
ज्ञापन में बताया है कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सुनियोजित तरीके से अल्पसंख्यक, दलित और कमजोर वर्ग के मतदाताओं के नाम SIR मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है।अनवार अहमद खान ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर बड़ी संख्या में फॉर्म-7 जमा कराए गए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ संख्या 379 और बूथ संख्या 380 पर ही लगभग 85 मतदाताओं के नाम काटने का प्रयास किया गया है।उनका कहना है कि यह मामला केवल कुछ बूथों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के कई बूथों पर इसी तरह नाम हटाने की कोशिश की गई है।
सपा नेताओं ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और जिन मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया चल रही है, उसे तत्काल रोकने की मांग की है।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए।जिला प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।








