कौशाम्बी: पत्रकार उत्पीड़न के खिलाफ सड़कों पर उतरे मीडिया कर्मी, साथी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे पत्रकार,
यूपी के कौशाम्बी जनपद में पत्रकार उत्पीड़न के विरोध में गुरुवार को मंझनपुर मुख्यालय में मीडिया कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला पंचायत स्थित चौराहे पर एकत्रित होकर पत्रकारों ने नारेबाज़ी की और अपने साथी पत्रकार इश्तियाक अहमद को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
पत्रकारों का आरोप है कि संदीपन घाट थाना क्षेत्र में हुई एक मारपीट की घटना में इश्तियाक को साजिशन फंसाया गया है। उनका कहना है कि घटना के समय इश्तियाक एक शादी समारोह में मौजूद थे, इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। प्रदर्शन कर रहे पत्रकारों ने इसे द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताया और आरोप लगाया कि उन्हें जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
मीडिया कर्मियों ने इश्तियाक अहमद को जेल भेजे जाने की आशंका को लेकर जिले भर के पत्रकार धरने पर बैठ गए। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दर्ज मुकदमे की समीक्षा की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन पत्रकार संगठनों ने साफ कर दिया है कि न्याय मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।








