मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वैवाहिक बंधन में बधें दो मुस्लिम जोड़ो सहित 91 नवयुगल जोड़े

कौशाम्बी: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में वैवाहिक बंधन में बधें दो मुस्लिम जोड़ो सहित 91 नवयुगल जोड़े,

यूपी के कौशाम्बी जिले के नेवादा ब्लॉक क्षेत्र के सराय अकिल में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दो मुस्लिम जोड़ो सहित 91 नवयुगल जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे।

अध्यक्ष जिला पंचायत कल्पना सोनकर ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारम्भ किया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 91 जोड़े वैवाहिक बंधन में बधें, जिसमें 02 जोड़े मुस्लिम समुदाय के भी सम्मिलित रहें। समारोह में वैदिक मन्त्रोच्चार एवं पारम्परिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न कराए गए।

अध्यक्ष जिला पंचायत, डीएम डॉ. अमित पाल,सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने नवदम्पतियों को आर्शीवाद देते हुए ईश्वर से सुखमय, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की मंगल कॉमना की।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बहुत ही महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अन्तर्गत सरकार द्वारा गरीब कन्याओं का विवाह कराया जाता है। उन्होंने कहा कि जिस घर में बेटी होती है, उसका पिता राजा होता है। बेटे भाग्य से पैदा होते हैं, बेटियां सौभाग्य से पैदा होती है। उन्होंने कन्याओं से कहा कि आप जिस घर जा रहीं है, उस घर का नाम रोशन करें।

सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने कहा कि शासन द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत प्रति जोड़ा एक लाख रूपए का प्राविधान किया गया है। जिसमें 60 हजार कन्या के खाते में हस्तान्तरित किया जाता है, 25 हजार रूपए से घरेलू सामान दिया जाता है एवं 15 हजार रूपए आयोजन पर व्यय किया जाता है। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यन्त लाभकारी है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor