LIC की भरवारी शाखा में नवागत शाखा प्रबंधक के सम्मान में अभिकर्ताओं ने किया स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन

कौशाम्बी: LIC की भरवारी शाखा में नवागत शाखा प्रबंधक के सम्मान में अभिकर्ताओं ने किया स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन,

यूपी के कौशाम्बी जिले में भारतीय जीवन बीमा निगम की भरवारी शाखा में नवागत शाखा प्रबंधक प्रकाश जायसवाल के सम्मान में अभिकर्ताओं द्वारा स्वागत एवं परिचय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता, उत्साह और सौहार्द से परिपूर्ण रहा। अभिकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर शाखा प्रबंधक का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

समारोह के दौरान अभिकर्ताओं एवं शाखा प्रशासन के मध्य विभिन्न विभागीय विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। अभिकर्ताओं ने पॉलिसी सेवा से जुड़ी समस्याएं, दावों के शीघ्र निस्तारण, सर्वाइवल बेनिफिट भुगतान, तकनीकी बाधाओं, लंबित प्रकरणों तथा ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

शाखा प्रबंधक प्रकाश जायसवाल ने अभिकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि निगम की प्राथमिकता ग्राहकों को पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने आश्वासन दिया कि अभिकर्ताओं की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी अभिकर्ताओं से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए व्यवसाय वृद्धि एवं निगम की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अभिकर्ता निगम की रीढ़ हैं और उनकी सक्रिय भूमिका से ही ग्राहकों का विश्वास मजबूत होता है। शाखा के विकास एवं बेहतर कार्यसंस्कृति के लिए सभी के सामूहिक सहयोग की आवश्यकता है।

कार्यक्रम में उपस्थित अभिकर्ताओं ने भी नवागत शाखा प्रबंधक के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए शाखा के विकास एवं व्यवसाय विस्तार में पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। समारोह के अंत में सभी ने संगठनात्मक एकता एवं समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अभिकर्ता संघ के अध्यक्ष प्रमोद पांडेय सहित वरिष्ठ अभिकर्ता के रूप में राज कुमार साहू,लाल बहादुर मौर्य, पवन कुमार जायसवाल,प्रह्लाद कुमार,संतोष कुमार,श्यामलाल पटेल,उर्गेश कुमार,यशोदानंदन शुक्ल, सुभाष चन्द्र आदि मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor