इस वर्ष नहीं आयोजित होगा सैयद सालार मसूद गाजी मियां का मेला,प्रशासन ने नहीं दी मेले की अनुमति

कौशाम्बी: इस वर्ष नहीं आयोजित होगा सैयद सालार मसूद गाजी मियां का मेला,प्रशासन ने नहीं दी मेले की अनुमति,

यूपी के कौशाम्बी जिले में कड़ा धाम क्षेत्र अंतर्गत प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले सैयद सालार मसूद गाजी मियां से संबंधित मेला कार्यक्रम को इस वर्ष प्रशासनिक अनुमति प्रदान नहीं की गई है। आयोजक द्वारा कार्यक्रम आयोजन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसके उपरांत प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा स्थलीय निरीक्षण, क्षेत्र भ्रमण, आयोजकों से वार्ता तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त सूचनाओं का परीक्षण किया गया लेकिन अनुमति नहीं प्रदान की गई।

जानकारी मिली है कि आसपास के जनपदों—विशेष रूप से फतेहपुर, चित्रकूट आदि क्षेत्रों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं एवं व्यक्तियों के इस मेले में सम्मिलित होने की संभावना थी। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों एवं बाहरी जनपदों से बिना किसी पूर्व अनुमति अथवा सत्यापित सूची के समूहों के रूप में लोगों के आने की संभावना थी, जिससे अत्यधिक भीड़ एकत्रित होने एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। प्रस्तावित आयोजन स्थल निजी भू-भाग पर स्थित है, किंतु आयोजकों द्वारा भूमि स्वामी से विधिवत अनापत्ति/अनुमति प्राप्त नहीं की गई थी तथा सक्षम प्रशासनिक प्राधिकारी से आवश्यक स्वीकृतियां भी प्रस्तुत नहीं की गईं।

इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं के सम्मिलित होने की संभावना के बावजूद उनके रुकने, शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैठने एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं पाई गई। प्रशासन द्वारा महिलाओं की सुरक्षा एवं जनसुविधाओं के अभाव को गंभीरता से लिया गया।

स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रीय लोगों द्वारा भी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त की गई। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि रात्रिकालीन कार्यक्रम एवं अत्यधिक भीड़ के कारण माताओं एवं बहनों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनी रहती है।जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि जिस स्थान पर कार्यक्रम प्रस्तावित था, वहां इस आयोजन से संबंधित कोई स्थायी धार्मिक स्थल विद्यमान नहीं है।

उपरोक्त समस्त तथ्यों, सुरक्षा मानकों, भीड़ नियंत्रण, महिलाओं की की सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं की अनुपलब्धता एवं आवश्यक अनुमतियों के अभाव को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की अनुमति प्रदान किया जाना उचित नहीं पाया गया।

आयोजक अनिल कुमार मौर्य पुत्र स्व0 सरजू प्रसाद निवासी संत मलूक दास नगर, थाना कड़ा धाम, जनपद कौशाम्बी द्वारा भी प्रशासनिक निर्णय से सहमति व्यक्त करते हुए इस वर्ष प्रस्तावित मेला/निशान/बारात कार्यक्रम आयोजित न किए जाने की बात कही गई है।

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor