कनकधारा संस्था द्वारा शनि जयंती के महासंयोग पर श्री हनुमत निकेतन में वैश्विक संकट से मुक्ति और विश्व शांति के लिए संकटमोचन के चरणों में की गई प्रार्थना

प्रयागराज: कनकधारा संस्था द्वारा शनि जयंती के महासंयोग पर श्री हनुमत निकेतन में वैश्विक संकट से मुक्ति और विश्व शांति के लिए संकटमोचन के चरणों में की गई प्रार्थना,

यूपी के प्रयागराज में सनातनी संस्कृति के संवर्धन, विश्व शांति और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी विजन को समर्पित 5 शनिवार सुंदरकांड पाठ अनुष्ठान का प्रथम सोपान शनिवार को सिविल लाइंस स्थित प्रसिद्ध श्री हनुमत निकेतन मंदिर में अत्यंत भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ।

जेठ माह की पावन शनि अमावस्या एवं शनि जयंती के महाशक्तिशाली दुर्लभ संयोग पर ‘कनकधारा’ संस्था द्वारा आयोजित इस अनुष्ठान में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों, राजनेताओं और मातृशक्ति का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और संकटमोचन हनुमान जी की महाआरती के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रख्यात पाठ वाचक आचार्य पं. श्री हरे राम द्विवेदी ने सस्वर सुंदरकांड का संगीतमय पाठ कर उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर ‘कनकधारा’ संस्था की अध्यक्ष, सुप्रसिद्ध गायिका व अधिवक्ता स्वाती निरखी ने उपस्थित जनमानस और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आज संपूर्ण विश्व ऊर्जा, ईंधन और आर्थिक संकट की विभीषिका झेल रहा है। ऐसे संवेदनशील समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपील—’तेल बचाओ, ईंधन बचाओ और ऊर्जा का संरक्षण करो’—केवल एक सरकारी नीति नहीं, बल्कि वैश्विक संकट को टालने का सनातन मार्ग है। स्वाती निरखी ने कहा कि ‘कनकधारा’ संस्था ने इस धार्मिक मंच के माध्यम से हनुमान जी के चरणों में प्रार्थना की है कि प्रधानमंत्री के इस लोक-कल्याणकारी विजन को और आत्मिक बल मिले, जिससे भारत विश्व गुरु के पद पर प्रतिष्ठित हो सके।

अनुष्ठान में किन्नर महामंडलेश्वर कौशल्यानंद गिरी, नीरज राय , सौरभ माथुर , दीपक श्रीवास्तव , हेमंत बैनर्जी आदि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनैतिक दलों के वरिष्ठ पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं और प्रबुद्ध जनों ने मुख्य रूप से सहभागिता की। सीनियर अधिवक्ता प्रदीप वर्मा ने कनकधारा संस्था की इस अनूठी वैचारिक व आध्यात्मिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अंत में सचिव रीता सक्सेना ने प्रभु का भोग लगाया आरती की और भक्तों के बीच प्रसाद वितरण के साथ आज के प्रथम सोपान का समापन हुआ। संस्था की अध्यक्ष स्वाती निरखी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रयागराज की जनता, मीडिया बंधुओं और सभी सहयोगियों का सहृदय आभार व्यक्त किया और अगले शनिवार को पुनः जुटने का आह्वान किया।

 

 

 

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor