कौशाम्बी: कौशाम्बी से चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं ने किए गंगोत्री धाम के दर्शन,मां गंगा में स्नान कर की पूजा-अर्चना, केदारनाथ धाम के लिए हुए रवाना,
यूपी के कौशाम्बी जनपद से चारधाम यात्रा पर निकला श्रद्धालुओं का दल शुक्रवार को पवित्र गंगोत्री धाम पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। हिमालय की गोद में बसे गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं ने मां गंगा से जनकल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति की कामना की।
श्रद्धालुओं ने सर्वप्रथम मां गंगा के पवित्र तट पर स्नान किया। इसके बाद गंगोत्री धाम मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली एवं समाज के कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगा। श्रद्धालुओं के “हर हर गंगे” और “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया।
श्रद्धालु दल में मनौरी निवासी मनोज कुमार केसरवानी नंदी, राजभूषण केसरवानी मुन्ना, मनोज केसरवानी पटेल, जितेंद्र केसरवानी, राजेश केसरवानी, पिंटू केसरवानी तथा टेढ़ीमोड़ निवासी बीरेंद्र केसरवानी अपने-अपने परिवार के साथ शामिल हैं। श्रद्धालुओं में चारधाम यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और श्रद्धा देखने को मिल रही है।
यात्रा दल का संचालन कर रहे मनोज केसरवानी ने बताया कि चारधाम यात्रा सनातन धर्म की सबसे पवित्र यात्राओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के चारों धामों में दर्शन करने से आत्मिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा की अनुभूति होती है।
गंगोत्री धाम के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं का यह दल भगवान केदारनाथ के दर्शन के लिए रवाना हो गया। इसके बाद श्रद्धालु बदरीनाथ धाम में भी पूजा-अर्चना करेंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा आगामी 28 मई को पूर्ण होगी।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए क्षेत्र के लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।








