कौशाम्बी: अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली घर में घुसी,बाल बाल बचा परिवार,लाखों का हुआ नुकसान,
यूपी के कौशाम्बी जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है जहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गई और एक घर में घुसकर पलट गई,इस हादसे में घर के लोग तो बाल बाल बच गए,लेकिन बिक्री के लिए रखी हुई सीमेंट की चादरों को बहुत अधिक नुकसान हुआ है,घटना के बाद लोगो की भारी भीड़ जमा हो गई,घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना पिपरी थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की बीती रात की है जहा मनौरी की ओर से चायल की तरफ जा रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे एक घर में जा घुसी। घर के बाहर खड़ी बाइकें और बिक्री के लिए रखी सीमेंट की चादरें क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि परिवार के लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार मोहम्मदपुर गांव निवासी नौसे अहमद पुत्र स्वर्गीय अली जान के घर के सामने रात में परिवार के लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान अचानक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर उनके घर में घुस गई। उस समय इलाके की बिजली भी कटी हुई थी, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में घर के बाहर खड़ी दोपहिया बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बिक्री के लिए रखी गई सीमेंट की चादरों को भी भारी नुकसान पहुंचा। पीड़ित परिवार के अनुसार हादसे में लाखों रुपये के सामान का नुकसान हुआ है।
ट्रैक्टर चालक को मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे उपचार के लिए चायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। घटना के बाद गांव में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।








