कौशाम्बी: प्रधानों को शासन द्वारा प्रशासक नियुक्त किए जाने से ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की बनी रहेगी निरंतरता-धर्मराज मौर्य,
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा ग्राम पंचायत के प्रधानों के कार्यकाल पूर्ण होने के बाद प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किए जाने पर प्रधान संघ के अध्यक्ष सहित एक दर्जन से अधिक ग्राम प्रधानों ने जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य से भेंट किया और शासन का आभार जताया।
जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य ने उपस्थित ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त होने पर बधाई देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों का कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत शासन के निर्देश पर ग्राम पंचायतों में वर्तमान प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया है, इस निर्णय के बाद गांवों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के ग्रामीणों तक पहुंचता रहेगा।
उन्होंने कहा कि आप सभी को प्रशासक के रूप में नियुक्त होना केवल एक जिम्मेदारी नहीं बल्कि गांव की सेवा का एक नया अवसर है।प्रशासक के रूप में निवर्तमान प्रधानों के अधिकार सीमित रहेंगे। वे केवल ग्राम पंचायतों के सामान्य कार्यों का ही निर्वहन करेंगे। वह कोई नया नीति विषयक निर्णय नहीं ले सकेंगे। यदि कोई अत्यंत आवश्यक और विशेष स्थिति उत्पन्न होती है,तो नीतिगत फैसले से जुड़े प्रस्ताव जिला पंचायतराज अधिकारी के माध्यम से डीएम के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे और उनकी स्वीकृति के बाद ही लागू होंगे।
इस दौरान सिराथू के कड़ा ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा,नेवादा ब्लॉक के प्रधान संघ अध्यक्ष ततस्त ओझा के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में ग्राम पंचायत के प्रधानों ने मिलकर शुभकामनाएं प्रेषित किया।








