विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन

कौशाम्बी: विश्व पर्यावरण दिवस पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन,

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कौशाम्बी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. हरिओम कुमार सिंह द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित चिकित्सकों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन के आधार हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।

पौधारोपण के उपरांत महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें सभी विभागों के संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

इसके अतिरिक्त सचिन, बी.पी. सिंह, शिबू एस, मनोज तथा अन्य कर्मचारियों ने भी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर महाविद्यालय को हरित एवं स्वच्छ परिसर बनाने का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं सतत विकास को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी को नियमित रूप से वृक्षारोपण करने, परिसर को स्वच्छ बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। यह आयोजन महाविद्यालय की सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में प्रो. सरस्वती, डॉ. अरिंदम चक्रवर्ती, डॉ. शारदा, डॉ. धर्मेन्द्र, डॉ. सौरभ मिश्रा, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अंकित तिवारी एवं डॉ. प्रतिमा त्रिपाठी सहित अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor