कौशाम्बी: कौशाम्बी में तालाब में डूबने से युवक की मौत,परिजनों में मचा कोहराम,
यूपी के कौशाम्बी जिले में सोमवार की शाम एक 28 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों और पुलिस ने लगभग दो घंटे के रेस्क्यू के बाद युवक का शव बाहर निकाला और कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच में जुटी हुई है।
घटना पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा की है जहा पर स्थित रतन का डेरा निवासी मंजीत कुमार (28) पुत्र अमृतलाल सोमवार को दैनिक क्रिया के लिए तालाब की ओर गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तालाब के किनारे उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
सूचना मिलने पर पश्चिम शरीरा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों और परिजनों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को तालाब से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी बैकुण्ठ नाथ पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामला दुर्घटनावश तालाब में डूबने का प्रतीत हो रहा है। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है तहरीर के आधार पर करवाई की जाएगी।








