कौशाम्बी: डीएम एवं एसपी ने संभावित बाढ़ के दृष्टिगत यमुना नदी के तटीय क्षेत्र स्थित ग्राम पाभोसा का भ्रमण कर वस्तुस्थिति का लिया जायजा, एसडीएम को सतर्क रहने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल एवं एसपी सत्यनारायण ने जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत यमुना नदी के तटीय क्षेत्र स्थित ग्राम पाभोसा का भ्रमण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधान से विगत वर्ष यमुना नदी में आई बाढ़ की स्थिति, प्रभावित परिवारों की संख्या तथा राहत एवं बचाव कार्यों से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने एसडीएम मंझनपुर को संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां/कार्यवाही समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने एसडीएम को निर्देशित किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों का लगातार भ्रमण किया जाए तथा संवेदनशील स्थानों की नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करा लिया जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एसपी सत्य नारायण ने सीओ एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखा जाए तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर एसडीएम मंझनपुर राजकुमार मौर्य एवं सीओ अरुण कुमार शुक्ला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








