पिता की पुण्यतिथि पर प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने पेश की सेवा की मिसाल,गरीब बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री

कौशाम्बी: पिता की पुण्यतिथि पर प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने पेश की सेवा की मिसाल,गरीब बच्चों को बांटी शैक्षिक सामग्री,

यूपी के कौशाम्बी जिले के सिराथू तहसील क्षेत्र के अहिरारा गांव में प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने अपने पिता स्वर्गीय सरजू प्रसाद की दूसरी पुण्यतिथि को सेवा और शिक्षा के प्रति समर्पित करते हुए प्रेरणादायी पहल की है। इस अवसर पर उन्होंने गांव के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को आमंत्रित कर उन्हें शैक्षिक सामग्री वितरित की,साथ ही बच्चों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की।इस दौरान दो दर्जन से अधिक बच्चों को बैग, कॉपी, पेन सहित आवश्यक स्टेशनरी सामग्री प्रदान की। शैक्षिक सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने इस दौरान बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

बच्चों को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देने और भविष्य संवारने का सबसे मजबूत माध्यम है। आर्थिक परिस्थितियां किसी बच्चे की पढ़ाई में बाधा नहीं बननी चाहिए। समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि अपने पिता की पुण्यतिथि पर शैक्षिक सामग्री वितरित करने का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, लेकिन संसाधनों के अभाव में कई बार उनकी पढ़ाई प्रभावित हो जाती है। ऐसे बच्चों की मदद कर उनके सपनों को नई उड़ान दी जा सकती है।

ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री ने बच्चों से नियमित रूप से विद्यालय जाने, पूरी लगन से पढ़ाई करने और जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही कल देश और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे, इसलिए उनकी शिक्षा और संस्कार पर ध्यान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि गरीबों की सेवा और जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना उनके पिता स्वर्गीय सरजू प्रसाद की स्मृति में सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद बच्चों की मदद करने का संकल्प व्यक्त किया।

ग्रामीणों और स्वजनों ने ज्योतिषाचार्य राम सियासन शास्त्री की इस पहल की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस दौरान गांव के भगवान दास, दिनेश कुमार पटेल, निरंजन सिंह, आशीष सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor