बाढ़ से प्रभावित हुई किसानो की फसलों का सक्षम अधिकारी करें मौका मुआयना, दे समुचित मुआवजा:अजय सोनी 

कौशाम्बी: बाढ़ से प्रभावित हुई किसानो की फसलों का सक्षम अधिकारी करें मौका मुआयना, दे समुचित मुआवजा:अजय सोनी,

यूपी के कौशाम्बी जिले में समर्थ किसान पार्टी अध्यक्ष और जिला पंचायत सदस्य अजय सोनी ने सोमवार को सिराथू तहसील के गंगा किनारे बसे तरसौरा गांव के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण कर स्थलीय जायजा लिया और ग्रामीणों से वार्ता की। वार्ता के क्रम में ग्रामीणों ने बताया कि गंगा नदी में आई बाढ़ से तरसौरा गांव के तमाम किसानो की सैकड़ों बीघा जमीन और फसलें जलमग्न हो गई है जिससे किसान बेहद पीड़ा और तनाव मे हैं।

इस अवसर पर ग्रामीणों से वार्ता करते हुए पार्टी नेता अजय सोनी ने कहा कि समर्थ किसान पार्टी द्वारा पूर्व में ही जिला प्रशासन कौशांबी एवं तहसील प्रशासन सिराथू को ज्ञापन देकर नदियों के किनारे बसे गांवों एवं गांवों के लोगों को जागरूक करने एवं उनके जान माल की सुरक्षा को लेकर सचेत किया गया था। अजय सोनी ने प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

इस अवसर पर अजय सोनी ने कहा कि किसानो के साथ इतनी बड़ी त्रासदी हुई है और सैकड़ों बीघा फसलें पानी में डूब गई है लेकिन प्रशासन सिर्फ औपचारिकता निभाने के लिए तहसील कर्मचारियों को भेजकर अपना पल्ला झाड़ लिया है और मौके पर कोई सक्षम अधिकारी नही आया। अजय सोनी ने जिला प्रशासन कौशांबी और तहसील प्रशासन को तत्काल मौके पर जायजा लेने हेतु आने को कहा। साथ ही स्थलीय वास्तविक जायजा लेकर किसानो की फसलों के हुए नुकसान का समुचित मुआवजा दिए जाने की मांग की अन्यथा समर्थ किसान को के तत्वावधान में धरना प्रदर्शन करने की बात कही।

इस अवसर पर राकेश कुमार, संतलाल मौर्य, राजकुमार सिंह, दिनेश कुमार जुम्मन अली आदि मौजूद रहे।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor