कौशाम्बी: पोषण अभियान को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से जनपद में पोषण रथ किया गए रवाना,
यूपी के कौशाम्बी जिले में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा संचालित “राष्ट्रीय पोषण माह-2026” के अन्तर्गत पोषण अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने तथा जन-जागरूकता के माध्यम से पोषण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को मंझनपुर तहसील के सभी विकास खण्डों से पोषण रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया।
तहसील परिसर, मंझनपुर में एसडीएम राजकुमार मौर्य तथा बाल विकास परियोजना अधिकारी रामेश्वर पाल ने संयुक्त रूप से पोषण रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इसी क्रम में विकास खण्ड सरसवां से खण्ड विकास अधिकारी प्रदीप मौर्य एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशील कुमार तथा विकास खण्ड कौशाम्बी से ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि शशीभूषण द्विवेदी उर्फ बालम महाराज एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी अनुज सिंह ने पोषण रथ को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं मुख्य सेविकाओं ने हाथों में पोषण संबंधी संदेशों से युक्त तख्तियां लेकर “हमने मन में ठाना है, कौशाम्बी से कुपोषण दूर भगाना है” तथा “सही पोषण-देश रोशन” जैसे नारों के माध्यम से जनमानस को कुपोषण के प्रति जागरूक किया। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह-2026 की मुख्य थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” निर्धारित की गई है।
इस थीम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य, देखभाल एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा के सशक्त केंद्र के रूप में स्थापित करना तथा इसमें समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। पोषण रथ के माध्यम से जनमानस में दैनिक आहार में विविधता, प्रोटीन युक्त पोषण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं व बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य पर विशेष बल दिया गया।








