कौशाम्बी: PHC मूरतगंज में ड्यूटी के दौरान दबंगों पर फार्मासिस्ट से अभद्रता करने और दवाइयां फेंकने का आरोप,पीड़ित ने पुलिस की शिकायत,
यूपी के कौशाम्बी जिले के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) मूरतगंज में मंगलवार शाम ड्यूटी के दौरान फार्मासिस्ट के साथ अभद्रता और दवाइयां फेंकने का मामला सामने आया है। फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह ने धन्नी गांव निवासी अशोक कुमार पुत्र मसूरियादीन और उसके दो साथियों पर गाली-गलौज करने तथा अस्पताल में रखी दवाइयों को फेंकने का आरोप लगाया है।
फार्मासिस्ट के मुताबिक शाम करीब 5 बजे अशोक कुमार अपने दो साथियों के साथ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। फार्मासिस्ट द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने अस्पताल में रखी दवाइयां भी फेंकने शुरू कर दीं। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले को लेकर फार्मासिस्ट राजेंद्र सिंह ने संदीपन घाट थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








