डीएम ने की नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा,सभी कार्य माह अक्टूबर तक पूर्ण कराने के दिए निर्देश

कौशाम्बी: डीएम ने की नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा,सभी कार्य माह अक्टूबर तक पूर्ण कराने के दिए निर्देश,

यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने गुरुवार को कार्यालय कक्ष में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

डीएम ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत चरवा में कार्य लम्बित पाए जाने पर ईओ को सभी कार्य माह अक्टूबर,2026 तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने 15वॉ वित्त आयोग के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत,अझुवा में 11 कार्य अनारम्भ पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए ईओ को शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वंदन योजना, नगरोदय योजना, आकांक्षी नगर योजना एवं सीवरेज व जल निकासी योजना आदि के अन्तर्गत निकायवार कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी ईओ को निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ माह अक्टूबर,2026 तक पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने सभी को निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण एवं मौके पर भ्रमण करने के भी निर्देश दिए।

डीएम ने परिषदीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को और सुदृढ करने के लिए कराए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी ईओ को निर्देशित किया कि प्राथमिकता के आधार पर शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करा लिया जाए। उन्होंने सभी ईओ से कहा कि अपने-अपने नगर निकाय में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आमजन के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, जिससे आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करा सके।

डीएम ने नगर पंचायत पश्चिम शरीरा, दारानगर एवं चायल में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य,पाइपलाइन बिछाने का कार्य आदि में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सहायक अभियंता, जल निगम (नगरीय) को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor