कौशाम्बी: जनगणना-2027 की ड्यूटी से कार्यमुक्त किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्रों के परीक्षण के लिए समिति गठित,
यूपी के कौशाम्बी जनपद में भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशानुसार आगामी जनगणना-2027 के सफल एवं समयबद्ध संचालन हेतु विभिन्न कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। जनगणना कार्य में लगाए गए कुछ कार्मिकों द्वारा व्यक्तिगत अथवा अन्य कारणों से ड्यूटी से कार्यमुक्त किए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
डीएम डॉ अमित पाल ने प्राप्त प्रार्थना पत्रों के परीक्षण एवं नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के लिए समिति का गठन किया है। गठित समिति में सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी को अध्यक्ष तथा सीएमओ डॉ0 संजय कुमार, एवं बेसिक शिक्षाधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा को सदस्य नामित किया है।
समिति द्वारा जनगणना-2027 की ड्यूटी से कार्यमुक्त किए जाने के लिए प्राप्त प्रार्थना पत्रों का विधिवत परीक्षण किया जाएगा। इस संबंध में संबंधित कार्मिकों के प्रार्थना पत्र के साथ उनके संबंधित चार्ज अधिकारी की संस्तुति सहित आख्या उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
जनपद प्रशासन द्वारा सभी संबंधित कार्मिकों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही अपने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत करें, ताकि उनका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक निर्णय लिया जा सके।








