कौशाम्बी: कौशाम्बी में दीपावली पर उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को सीएम योगी ने दी बड़ी सौगात, 184064 लाभार्थियों के खाते में पहुंचेगी सब्सिडी,
यूपी के कौशाम्बी जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग प्रतिभा कुशवाहा एवं पूर्व विधायक लाल बहादुर ने उदयन सभागार में आयोजित प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग ने प्रतीकात्मक रूप से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 11 लाभार्थियों-साधना, राधिका, आरती देवी, शकुन्तला देवी, शान्ती देवी, गुड़िया, रूक्मणी, अर्चना, लालती, सुषमा देवी एवं लक्ष्मी देवी को रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की सब्सिडी का डमी चेक प्रदान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने महिलाओं को केन्द्रित कर अनेक योजनाएं संचालित कर लाभान्वित किया है। उन्होंने कहा कि चूल्हा पर खाना बनाने में महिलाओं को बहुत कष्ट झेलना पड़ता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत महिलाओं को निःशुल्क गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराकर, उन्हें चूल्हे के धुएं से मुक्ति दिलाई है। जल-जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर-नल से जल पहुॅच रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत महिलाओं को सशक्त बनाया जा रहा है।
सदस्य उ0प्र0 राज्य महिला आयोग ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सबका साथ, सबका विकास के संकल्प के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए कार्य किया है। प्रधानमंत्री ने आधी आबादी की पीड़ा को महसूस कर, उन्हें उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत निःशुल्क गैस कनेक्शन देने का कार्य किया है। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड व आवास आदि योजनाओं से लाभान्वित कर महिलाओं को सक्षम बनाया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं में महिलाओं को अग्रहणी भूमिका में रखा गया है। जनधन योजना के अन्तर्गत निःशुल्क बैंक खाते खोले गए। 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है। मा0 मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उ0प्र0 में कानून व्यवस्था चुस्त एवं दुरूस्त है।
सीडीओ विनोद राम त्रिपाठी ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों से अपील की है कि वे गैस सिलेण्डर रिफिल कराकर रिफिल सब्सिडी का लाभ उठाएं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लोकभवन सभागार, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत रू0-1500 करोड़ की धनराशि से उ0प्र0 के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेण्डर रिफिल की सब्सिडी का वितरण किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण उदयन सभागार में किया गया तथा उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी के उद्बोधन को सुना।
जिला पूर्ति अधिकारी मंगेश कुमार मौर्य ने बताया कि जनपद में उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत कुल लाभार्थियों की संख्या 184064 है। माह अक्टूबर से दिसम्बर तक गैस रिफिल कराने वाले लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ मिलेगा।








