कौशाम्बी: सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 73 दिव्यांगजनों को वितरित किए गए सहायक उपकरण,
यूपी के कौशाम्बी जिले में “सेवा संकल्प अभियान’’ के अंतर्गत मंगलवार को विकास खण्ड परिसर, सिराथू में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सह-संयोजक, दिव्यांग प्रकोष्ठ हीरा लाल सरोज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हीरा लाल सरोज ने कहा कि शारीरिक क्षमता किसी व्यक्ति के विकास में बाधक नहीं होती। लगन, मेहनत और कठिन परिश्रम के बल पर प्रत्येक व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन अपनी शक्ति, समर्पण एवं योग्यता के बल पर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष सिराथू भोला यादव ने कहा कि दिव्यांगजनों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए शासन एवं प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को भी आगे आने की आवश्यकता है। सामूहिक प्रयासों से दिव्यांगजनों को समान अवसर उपलब्ध कराते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी कार्य किया जा सकता है।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा संचालित कृत्रिम सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में 25 दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल, 10 को स्मार्ट केन, 10 मानसिक दिव्यांग बच्चों को एमआर किट, 08 दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर तथा 20 दिव्यांगजनों को वैशाखी वितरित की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में लगभग 200 दिव्यांगजनों ने उपस्थित होकर सहभागिता की। सहायक उपकरण प्राप्त कर लाभार्थियों ने शासन की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त किया।








