कौशाम्बी: श्राद्ध पक्ष में रक्तदान का अनूठा संदेश, पितरों की याद में मेडिकल कॉलेज में 9 लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान,
यूपी के कौशाम्बी मेडिकल कॉलेज में प्रधानाचार्य डॉ. हरिओम कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रथम अक्टूबर सप्ताह में 2026 को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कल्पतरु प्रोडक्ट इंटरनेशनल लिमिटेड, कोखराज के कार्यालय संचालक संतोष केशरी के तत्वावधान में किया गया।
श्राद्ध पक्ष के दौरान आयोजित इस रक्तदान शिविर ने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और मानव सेवा को जोड़ने वाला प्रेरणादायी संदेश दिया। रक्तदान को मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए लोगों ने यह संदेश दिया कि पूर्वजों को याद करने का एक सार्थक तरीका जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अपना योगदान देना भी है।
शिविर का उद्घाटन पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. रवि रंजन सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का पुण्य कार्य भी है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
शिविर में कुल 15 लोगों ने रक्तदान के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें 9 लोगों ने सफलतापूर्वक रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में दिलीप कुमार, अदील अहमद, विकास कुमार वाजपेयी, भीम, शुभाष कुमार, धर्मेंद्र कुमार, संजय सिंह, अजय कुमार एवं सेनापति कुमार शामिल रहे।
इस अवसर पर डॉ. रवि रंजन सिंह, डॉ. विकास कुमार, डॉ. नंदनी राघव सहित चिकित्सक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना, समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना रहा।
श्राद्ध पक्ष में आयोजित यह रक्तदान शिविर सेवा, संवेदना और मानवता का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आया।








