कानपुर देहात: टूटा भ्रम तो 67 लोगों ने खाई फाइलेरिया रोधी दवा,पीएसपी सदस्य के सहयोग से 35 लोगों ने खाई दवा,अधिकारियों के सामने कुल 67 लोगों ने किया सेवन,
यूपी के कानपुर देहात के अकबरपुर ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सिंगसियापुर के अंतर्गत बढ़ापुर गांव में मंगलवार को फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम (एमडीए) के तहत सघन सर्वजन दवा सेवन अभियान चलाया गया। इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम व पीएसपी सदस्यों ने मिलकर उन परिवारों तक दवा पहुंचाई जो सालों से दवा खाने से कतरा रहे थे। इस दौरान 67 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया।
अभियान का नेतृत्व सीएचओ प्रियंका वाजपेयी ने किया। उनके साथ पीएसपी सदस्य एवं कोटेदार विष्णु प्रताप सिंह गांव के हर घर गए। दोनों ने घर-घर भ्रमण कर लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा के महत्व को समझाया। कई घरों में लोगों के मन में भ्रम था दवा से बुखार आ जाएगा, कमजोरी आ जाएगी, पेट खराब हो जाएगा। सीएचओ प्रियंका ने एक-एक भ्रम को तोड़ा। उन्होंने बताया कि दवा खाने के बाद हल्का बुखार आना सामान्य है, यह दवा के काम करने का संकेत है। कोटेदार विष्णु प्रताप सिंह ने गांव के लोगों को अपने भरोसे पर दवा खाने के लिए प्रेरित किया। कोटेदार के सहयोग और समझाने से अकेले 35 लोगों को फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कराया गया। गांव में कोटेदार की बात का असर साफ दिखा। जिन घरों में टीम को पहले दरवाजा बंद मिलता था, वहां कोटेदार के साथ जाने पर लोगों ने आगे बढ़कर दवा खाई।
पीएपी द्वारा की जा रही इस गतिविधि का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयगोविंद ने अकबरपुर सीएचसी के एमओआईसी डॉ. खान के साथ पर्यवेक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर कठिन एवं प्रतिरोधी परिवारों से सीधे संवाद किया। यह वो परिवार थे जो पिछले एमडीए राउंड में भी दवा खाने से मना कर चुके थे। अधिकारियों ने उन्हें समझाया कि फाइलेरिया मच्छर के काटने से होता है और एक बार हो जाने के बाद इसका कोई इलाज नहीं है। यह व्यक्ति को अपाहिज बना देता है। इससे बचने का एक ही तरीका है – हर साल दवा खाना। अधिकारियों के समझाने का असर ऐसा हुआ कि 20 लोग जिन्होंने कभी भी दवा का सेवन नहीं किया था (नेवर टेकन ), उन्होंने पहली बार दवा खाई।12 लोग जो इस बार दवा खाने से मना (रिफ्यूजल) कर रहे थे, उन्होंने भी अधिकारियों के सामने दवा खाई। इस तरह कुल 65 लोगों को अधिकारियों के समक्ष फाइलेरिया रोधी दवा खिलाई गई।
सीएमओ डॉ जयगोविन्द ने कहा कि जिले में 19 नवंबर से 07 दिसंबर 2026 तक चल रहे एमडीए अभियान में 15. 37 लाख से अधिक लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य है। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि जब टीम आपके घर आए तो भोजन के बाद दवा जरूर खाएं और दवा खाने के बाद हल्की प्रतिक्रिया से घबराएं नहीं।








