कौशाम्बी: डीएम ने नगर निकायो में अपूर्ण और अनारंभ कार्यों को पूर्ण करने एवं सभी ईओ को जन शिकायतों के लिए मोबाइल नंबर जारी करने के दिए निर्देश,
यूपी के कौशाम्बी डीएम डॉ. अमित पाल ने मंगलवार को कार्यालय कक्ष में नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों के निर्माण कार्यों एवं डूडा के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
डीएम ने मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के अन्तर्गत नगर-निकायों में कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान नगर पालिका परिषद मंझनपुर,भरवारी,दारानगर,चरवा, करारी एवं अजुहा में कार्य लंबित/अनारम्भ पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए सम्बन्धित अधिशासी अधिकारियों को सभी कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
डीएम 15वॉ वित्त आयोग, वंदन योजना, नगरोदय योजना, आकांक्षी नगर योजना एवं सीवरेज व जल निकासी योजना आदि के अन्तर्गत निकायवार कराए जा रहें कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान सभी ईओ को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने सभी ईओ को निर्माण कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण करने एवं मौके पर भ्रमण करने के भी निर्देश देते हुए कहा कि समय से टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराए जाए।
डीएम ने नगर पालिका परिषद मंझनपुर के अंतर्गत निर्माणाधीन कान्हा गौशाला एवं कल्याण मंडपम के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ईओ से कहा कि अपने-अपने नगर निकाय में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित बनाएं रखी जाए। नालियों की साफ-सफाई करा लिया जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी नालियां ढकी रहे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आमजन को मोबाइल नंबर जारी किया जाए, जिससे आमजन अपनी शिकायतें दर्ज करा सके,प्राप्त इन शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण किया जाए।
डीएम ने सभी ईओ से परिषदीय विद्यालयों में कराए जा रहे आधारभूत कार्यों की प्रगति जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि कार्य गुणवत्तापूर्ण कराए जाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि खण्ड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से विद्यालयों की जांच कर लिया जाए, कोई विद्यालय जर्जर या किसी विद्यालय की छत टपक तो नहीं रही है, आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करा लिया जाए।
डीएम ने नगर पंचायत पश्चिम शरीरा, दारानगर एवं चायल में निर्माणाधीन पेयजल परियोजनाओं के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य, पाइपलाइन बिछाने का कार्य आदि में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए टेक्निकल टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सहायक अभियंता, जल निगम (नगरीय) को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम शालिनी प्रभाकर सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।








