कौशाम्बी: कौशाम्बी में पुलिस ने चलाया हिस्ट्रीशीटरों का सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान,जमानतदारों की भी हुई जांच,
यूपी के कौशाम्बी एसपी सत्यनारायण के निर्देशन में रविवार 23 अगस्त को जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से हिस्ट्रीशीटरों का सघन सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारियों, हल्का प्रभारियों एवं संबंधित पुलिस टीमों द्वारा हिस्ट्रीशीटरों के निवास स्थान पर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति का सत्यापन किया गया। इस दौरान उनके वर्तमान निवास, परिवार एवं रोजगार/आय के साधनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई तथा यह भी जांच की गई कि संबंधित व्यक्ति वर्तमान में किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त तो नहीं है।
पुलिस टीमों द्वारा हिस्ट्रीशीटरों के जमानतदारों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी प्राप्त की गई तथा उनकी गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में उनकी सक्रियता एवं अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से संपर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
चेकिंग के दौरान हिस्ट्रीशीटरों को स्पष्ट रूप से हिदायत दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस द्वारा उन्हें आगाह किया गया कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जनपद कौशाम्बी पुलिस द्वारा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए हिस्ट्रीशीटरों एवं अन्य चिन्हित अपराधियों का सत्यापन, निगरानी एवं चेकिंग अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा।








