कौशाम्बी: भवंस मेहता विद्याश्रम में मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री कीे जयंती,
यूपी के कौशाम्बी जिले के भवंस मेहता विद्याश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य जी. गंगरावोयना ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों और सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणास्रोत हैं। गांधी जयंती को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
विद्यालय के निदेशक संदीप सक्सेना ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता आंदोलन में नई दिशा दी, वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं स्टाफ मौजूद रहे। सभी ने महापुरुषों के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।








