भारत हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा MLC,दिया न्याय दिलाने का आश्वासन

कौशाम्बी: भारत हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे सपा MLC,दिया न्याय दिलाने का आश्वासन,

यूपी के कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र के छोटा अड़हरा गांव में हुए चर्चित भारत हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार में गहरी नाराज़गी देखी जा रही है। घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी न्याय और ठोस कार्रवाई न होने से परिवार खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि विभिन्न राजनीतिक दलों, खासकर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी लगातार उनके दरवाजे पर पहुंच रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन देकर लौट जा रहे हैं। परिवार का कहना है कि अब तक न तो किसी प्रकार की आर्थिक मदद दी गई है और न ही उनकी मुख्य मांगों पर कोई गंभीर पहल हुई है।

परिजनों के अनुसार, अंतिम संस्कार से पहले ही उन्होंने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी थीं, लेकिन एक हफ्ता बीत जाने के बावजूद उन पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे परिवार में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के एमएलसी मानसिंह यादव भी शनिवार की शाम को अपने कार्यकर्ताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए डीएम और एसपी से मिलकर मुआवजे की मांग उठाने की बात कही। साथ ही उन्होंने कहा कि वह जल्द ही पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलकर पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहयोग की मांग करेंगे।

हालांकि, परिवारजन इन सभी आश्वासनों से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं और उनका कहना है कि उन्हें केवल वादे नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और न्याय चाहिए।मृतक की पत्नी ने साफ तौर पर आरोप लगाया है कि मामले के दो आरोपी अब भी फरार हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि हर आने वाले डेलिगेशन के सामने वह अपनी बात रखती हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है।अब पीड़ित परिवार न्याय, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और वास्तविक मदद की मांग पर अड़ा हुआ है। वहीं, प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं।

इस दौरान सपा MLC मानसिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज कायम है, थाने में अपराधी जाकर कह रहा है कि उसमें घटना की है, उन्होंने कहा कि भारत यादव की हत्या के दो आरोपी अभी भी अरेस्ट नहीं किए गए है,शासन और प्रशासन अभी भी आश्वासन दे रहा है कि सभी नामजद आरोपी अरेस्ट कर जेल भेज दिए गए है,जबकि पीड़ित परिवार दो अन्य आरोपियों को अरेस्ट करवाने पर अड़ा हुआ है लेकिन पुलिस उन्हें अरेस्ट नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को जो भी शासन और प्रशासन ने मदद और न्याय का आश्वासन दिया था उस पर लापरवाही की जा रही है जिसके चलते पीड़ित परिवार परेशान है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor