कौशाम्बी: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन से मिले कांग्रेस नेता हंजला उस्मानी,कौशाम्बी आने का दिया न्योता,
यूपी के कौशाम्बी जिले के कांग्रेसी नेता हंजला उस्मानी सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और तेलंगाना सरकार में मौजूदा मंत्री मोहम्मद अजहरूद्दीन से शिष्टाचार भेंट की। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेता ने क्रिकेटर अजहरूद्दीन को अपने गृह जनपद कौशाम्बी के चायल विधानसभा क्षेत्र में आने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे पूर्व कप्तान ने सहर्ष स्वीकार कर लिया है।
मुलाकात के दौरान हंजला उस्मानी ने अजहरूद्दीन को कौशाम्बी की ऐतिहासिक धरती और यहां के राजनीतिक परिदृश्य से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि कौशाम्बी की जनता और विशेषकर युवा वर्ग उन्हें अपने बीच देखने के लिए बेहद उत्साहित है।
मिली जानकारी के अनुसार, अजहरूद्दीन के कौशाम्बी दौरे का पूरा खाका जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा तैयार किया जाएगा। इस दौरे के दौरान वह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और क्षेत्र में कांग्रेस की जड़ों को मजबूत करने के लिए जनसभा का हिस्सा भी बन सकते हैं।
कांग्रेस नेता हंजला उस्मानी ने बताया कि अजहर भाई न केवल एक महान क्रिकेटर रहे हैं, बल्कि एक अनुभवी राजनेता भी हैं। उनके कौशाम्बी आने से स्थानीय कार्यकर्ताओं में नया जोश भरेगा।
>
अजहरूद्दीन के प्रस्तावित दौरे की खबर मिलते ही चायल विधानसभा और पूरे कौशाम्बी जिले में राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। खेल और राजनीति के इस संगम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। माना जा रहा है कि जिला कांग्रेस कमेटी जल्द ही कार्यक्रम की तारीखों का औपचारिक एलान करेगी।








