कौशाम्बी में लूट के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़,मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल

कौशाम्बी: कौशाम्बी में लूट के आरोपियों के साथ पुलिस की मुठभेड़,मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल,

यूपी के कौशाम्बी जिले में लूट के आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, तमंचा, मोबाइल और चाकू बरामद किया है।

यह मुठभेड़ कड़ा धाम कोतवाली क्षेत्र के नौढ़िया गांव के पास देर रात करीब 12:30 बजे हुई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों का पीछा किया। युवकों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। एक आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद दोनों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फतेहपुर जनपद के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र निवासी संजय कुमार के साथ लूट की यह घटना 27 अप्रैल की रात की नौढ़िया गांव के पास नहर पुलिया के सामने हुई थी। जिसमें बाइक सवार दो बदमाशों ने मां के साथ जा रहे संजय से लूटपाट की थी। कड़ा धाम कोतवाली पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के हैबतपुर निवासी श्यामजीत पुत्र इंद्रमन और कौशाम्बी जिले के कड़ाधाम थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ला सौरई बुजुर्ग निवासी अमित सरोज पुत्र रमेश के रूप में हुई है।

सिराथू के सीओ सत्येन्द्र तिवारी ने बताया कि आरोपियों के पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, वादी से छीना गया ओप्पो कंपनी का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 500 रुपये नकद, एक पर्स, आधार कार्ड, पैन कार्ड, डीएल, एक एटीएम कार्ड, एक चाकू और 300 रुपये नकद तथा उनका अपना मोबाइल भी बरामद हुआ है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor