कौशाम्बी: बीमारी और कर्ज से परेशान अधेड़ ने अवैध तमंचे से खुद को मारी गोली,हुई मौत,
यूपी के कौशाम्बी जिले में एक अधेड़ ने बीमारी और कर्ज से परेशान होकर खुद को गोली मार ली है। गंभीर हालत में उसको जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान महेंद्र सिंह उर्फ गुड्डन के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह बीमारी से पीड़ित था और काफी समय से उसका इलाज चल रहा था।
मामला मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के ऊनो गांव का है जहा के महेंद्र सिंह उर्फ गुड्डन ने तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।गंभीर रूप से घायल महेंद्र सिंह को आनन-फानन में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गई।
पूर्व प्रधान धीरेन्द्र गर्ग ने बताया कि महेंद्र काफी समय से बीमारी से जूझ रहा था और उसका इलाज चल रहा था। बीमारी और कर्ज से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है।








