कौशाम्बी: कौशाम्बी में अवैध बालू भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 5 लाख का लगाया जुर्माना,6000 घनमीटर बालू सीज,
यूपी के कौशाम्बी जिले में अवैध बालू भंडारण पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। चायल तहसील में बिना अनुमति के हजारों घनमीटर बालू का भंडारण पकड़ा गया है।अवैध बालू भंडारण के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरकर दो बच्चों की मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल खबर का संज्ञान लेते हुए 17 जून 2026 को एसडीएम चायल ने इसकी जांच कराई थी। जांच में ग्राम कादिरपुर नेवादा की आराजी संख्या-191, रकबा 6.5150 हेक्टेयर में अवैध भंडारण मिला।
जांच में सामने आया कि टी.वी.आर.ओ.एस. फर्म टेक्नोलॉजी के प्रोपराइटर शाकामुरी नवीन ने प्रयागराज के सेमरी खनन पट्टा क्षेत्र से बिना किसी सक्षम अनुमति के बालू का भंडारण किया था। मौके पर लगभग 6000 घनमीटर बालू मिली, जिसे प्रशासन ने सीज कर दिया है।अवैध भंडारण के लिए फर्म पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही सीज की गई बालू की नीलामी के लिए परिवाद दायर कर दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि भंडारण स्थल के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। चूंकि बालू प्रयागराज के सेमरी घाट से उठाई गई थी, इसलिए डीएम प्रयागराज को भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।
इसी तरह ग्राम पुरखास की आराजी संख्या-07, रकबा 0.6500 हेक्टेयर पर भी अवैध बालू भंडारण पाया गया। इसे भी सीज कर नीलामी की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन और भंडारण पर आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








