कौशाम्बी में पुलिस मुठभेड़ में भैस चोरी का 25 हज़ार का इनामिया अपराधी अरेस्ट

कौशाम्बी: कौशाम्बी में पुलिस मुठभेड़ में भैस चोरी का 25 हज़ार का इनामिया अपराधी अरेस्ट,

यूपी के कौशाम्बी जिले में भैंस चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश देर रात पुलिस मुठभेड़ में अरेस्ट कर लिया गया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी भी बरामद हुई है।

मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बंधवा रजबर और भेलखा गांव से 29 और 30 अप्रैल की रात चार भैंसों और एक भैंस के बच्चे की चोरी हुई थी। मामले में दर्ज मुकदमों की जांच के दौरान पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि गुड्डू उर्फ साहिल फरार चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि गुड्डू उर्फ साहिल एदिलपुर नहर के पास अपने साथियों का इंतजार कर रहा है और किसी वारदात की फिराक में है। घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे पुलिस ने पकड़ लिया।

घायल आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ साहिल पुत्र तूफान अहमद, निवासी रहीमपुर मौलानी, थाना करारी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और 3310 रुपये बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ बंधवा रजबर और भेलखा गांव से भैंसें चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार चोरी की गई भैंसों को उन्नाव के स्लॉटर हाउस में 30 हजार रुपये में बेच दिया गया था, जिसकी रकम आपस में बांट ली गई थी। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor