चारपाई पर सो रहे 8 वर्षीय बच्चे को जहरीले सांप ने डंसा,इलाज के दौरान हुई मौत

कौशाम्बी: चारपाई पर सो रहे 8 वर्षीय बच्चे को जहरीले सांप ने डंसा,इलाज के दौरान हुई मौत,

यूपी के कौशाम्बी जिले में शनिवार भोर उस समय हड़कंप मच गया, जब चारपाई पर सो रहे 8 वर्षीय बच्चे को जहरीले सांप ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

घटना चरवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है जहा के मोती लाल का 8 वर्षीय पुत्र कार्तिक शनिवार भोर घर में चारपाई पर सो रहा था। अचानक सांप के डंसने पर कार्तिक चारपाई से उठ गया और अपने माता-पिता से बताया कि उसे किसी चीज ने काट लिया है। परिजनों ने तत्काल आसपास खोजबीन शुरू की तो चारपाई के पास एक सांप बैठा दिखाई दिया। परिजनों ने लाठी-डंडों से सांप को मार डाला।इसके बाद परिजन बालक को झाड़-फूंक के लिए लेकर चले गए। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे CHC सराय अकिल लेकर पहुंचे,जहा डॉक्टरों ने जांच के बाद कार्तिक को मृत घोषित कर दिया।बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मासूम की मौत से गांव में भी मातम का माहौल है। परिजनों का कहना है कि यदि समय रहते बालक को समुचित चिकित्सकीय उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

सीएमओ डॉ0 संजय कुमार ने जिले के सभी लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में बहुत से जहरीले सांप अपने बिलों से बाहर आ जाते है और चूहे मेढक आदि खाने के लिए घरों में पहुंच जाते है,यदि किसी को जहरीले सांप आदि कीड़े काट लेते है तो तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचे और अपना इलाज कराए,झाड़ फूंक के चक्कर में न पड़े,जिले के सभी PHC और CHC में सांप के काटने के बाद लगाया जाने वाल महंगा इंजेक्शन मुफ्त में उपलब्ध है।

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor