कौशाम्बी: यमुना में नहाते समय 3 युवतियां डूबी,दो को बचाया गया,एक युवती की पुलिस व गोताखोर कर रहे तलाश,
यूपी में कौशाम्बी जिले में शुक्रवार की सुबह यमुना में अपनी सहेलियों के साथ नहाने गई एक युवती गहरे पानी में डूब गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंचकर युवती की तलाश में जुटी हुई है।
घटना सराय अकिल थाना क्षेत्र के रूसहाई स्थित महारानियां घाट की है जहा तिल्हापुर गांव निवासी महेश की 19 वर्षीय पुत्री करिश्मा सरोज उर्फ भंवरी अपनी सहेलियों कोमल, सावित्री और तारावती के साथ सुबह महारानियां घाट पर स्नान करने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तारावती घाट किनारे खड़ी थी, जबकि करिश्मा, कोमल और सावित्री यमुना में नहा रही थीं। इसी दौरान तीनों अचानक गहरे पानी में जाने लगीं। यह देख तारावती ने साहस दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी और कोमल व सावित्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन करिश्मा तेज बहाव और गहरे पानी में लापता हो गई।
घटना की सूचना पर सराय अकिल पुलिस मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक युवती की तलाश जारी रही।








