कौशाम्बी: बंद कमरे में फंदे से लटकता मिला युवक का शव, मचा हड़कंप,
यूपी के कौशाम्बी जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में एक युवक का शव कमरे के अंदर फंदे से लटकता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी नौगिरा, मंझनपुर के रूप में बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि विजय कुमार अपनी ससुराल त्रिलोकपुर में परिवार के साथ किराये के कमरे में रह रहा था। इसी दौरान कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटकता मिला।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
विजय कुमार की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।








