कौशाम्बी: कौशाम्बी में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति हाईवोल्टेज टावर पर चढ़ा, 3 घंटें चला हाईवोल्टेज ड्रामा, पुलिस और ग्रामीणों की सूझबूझ से नीचे उतारा गया,
यूपी के कौशाम्बी जिले में रक्षाबंधन के त्योहार पर पत्नी के मायके चले जाने से नाराज एक युवक रविवार को हाईवोल्टेज टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
मखदूमपुर गांव निवासी अनूप पुत्र माझिल की पत्नी गुड्डी देवी रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह अनूप ने पत्नी को फोन कर घर लौटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच गाली-गलौज होने लगी। इसके बाद नाराज अनूप घर से कुछ दूरी पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के गांजा गांव के पास स्थित हाईवोल्टेज बिजली टावर पर चढ़ गया।
युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह घंटों टावर पर बैठा रहा।
सूचना पर एयरपोर्ट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई श्याम सुंदर और नवीन सिंह ने युवक को समझाने का प्रयास किया। ग्राम प्रधान दया सिंह समेत गांव के संभ्रांत लोगों ने भी उसे समझाकर नीचे आने के लिए राजी किया। तकरीबन 3 घंटे प्रयास के बाद अनूप टावर से सुरक्षित नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। जिसके बाद पुलिस उसे थाना ले जाकर समझाया और उसे स्वजन को सुपुर्द किया।








