कौशाम्बी: सौरई बुजुर्ग गांव में नवविवाहिता की हत्या की सूचना से सनसनी,एक साल पहले युवक से किया था प्रेम विवाह,पुलिस जांच में जुटी,
यूपी के कौशाम्बी जिले में एक साल पहले प्रेम विवाह करने वाली नवविवाहिता की हत्या की सूचना से सनसनी मच गई,घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना कड़ाधाम थाना क्षेत्र के सौरई बुजुर्ग गांव की है जहा पुलिस को सूचना मिली कि गांव में एक विवाहिता की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही थाना कड़ाधाम पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची तथा पुलिस फोर्स के साथ मौके का निरीक्षण किया।जांच के दौरान मृतका की शिनाख्त रितु पटेल (उम्र लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई, जिसका लगभग एक वर्ष पूर्व ग्राम के ही अभिषेक पटेल के साथ प्रेम विवाह हुआ था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच एवं परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका विगत कई दिनों से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उसका विभिन्न अस्पतालों में लगातार इलाज कराया गया, जिसके उपरांत उसे पी.जी.आई., लखनऊ रेफर किया गया था। इलाज के दौरान पी.जी.आई., लखनऊ में उसकी मौत हो गई। सोमवार की सुबह उसके परिजन शव को एम्बुलेंस से गांव लेकर आए।
मृतका के भाई द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए सूचना दिए जाने पर पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट को बुलाया गया। मृतका के शव का पंचायतनामा कार्यपालक मजिस्ट्रेट एवं महिला उप निरीक्षक की उपस्थिति में कराया जा रहा है तथा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा जा रहा है।
कड़ा धाम थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की मौत हुई है,मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही चल पाएगा। पुलिस मामले की प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष एवं गहन जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।








