कौशाम्बी में राष्ट्रीय सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष पर फायरिंग,कार के गेट में लगी गोली,बाल बाल बचे

कौशाम्बी: कौशाम्बी में राष्ट्रीय सनातन सेना के प्रदेश अध्यक्ष पर फायरिंग,कार के गेट में लगी गोली,बाल बाल बचे,

यूपी के कौशाम्बी जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में बुधवार की रात तिल्हापुर मोड में आयोजित ऐतिहासिक मेले से लौट रहे राष्ट्रीय सनातन सेना भारत के प्रदेश अध्यक्ष देव रस्तोगी पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर दी। गोली उनकी कार के पिछले गेट में लगी। घटना के बाद उन्होंने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी और हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के मुताबिक देव रस्तोगी तिल्हापुर मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के बाद अपने कार्यालय लौटे थे। कुछ देर बाद वह हर्रायपुर ग्राम प्रधान बल्ला को चित्तापुर व हर्रायपुर की ओर छोड़ने के लिए अपनी चार पहिया वाहन से निकले थे। ग्राम प्रधान को छोड़कर वापस लौटते समय विकास हॉस्पिटल और डीपी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के बीच पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात लोगों ने रात करीब 11:55 बजे फायरिंग कर दी।

देव रस्तोगी के अनुसार गोली उनकी कार के पिछले गेट में लगी। घटना के बाद वह तत्काल सराय अकिल थाने पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। उन्होंने तहरीर में बताया कि घटना के बाद उन्हें अपनी जान का खतरा बना हुआ है और आशंका है कि भविष्य में भी उनके ऊपर जानलेवा हमला किया जा सकता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष एवं गंभीरता से जांच कर हमलावरों की पहचान करने तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है।

थाना सराय अकील प्रभारी ज्ञान सिंह का कहना है! कि मामले की शिकायत प्राप्त हुई है जांच की जा रही है!

Ashok Kesarwani- Editor
Author: Ashok Kesarwani- Editor