कौशाम्बी: राष्ट्रीय सम्मान से कौशाम्बी का गौरव बढ़ा, शिक्षिका शालिनी कुशवाहा को मिला राष्ट्रीय पुरस्कार,
यूपी में कौशाम्बी जिले के कम्पोजिट विद्यालय रसूलाबाद, कोइलहा, विकासखंड चायल की शिक्षिका शालिनी कुशवाहा को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होने पर जनपद में हर्ष की लहर है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय, बल्कि पूरे कौशाम्बी जनपद को गौरवान्वित किया है।
शिक्षिका शालिनी कुशवाहा ने अपने समर्पण, नवाचार और कर्मठता से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनकी उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि एक शिक्षक की सकारात्मक पहल और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण विद्यालय की सीमाओं से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकता है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा विभाग, जनपद कौशाम्बी की ओर से शालिनी कुशवाहा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनका यह सम्मान जनपद के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, समर्पण और उत्कृष्टता को नई ऊर्जा मिलेगी।
शिक्षिका शालिनी कुशवाहा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा जगत और जनपदवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी सफलता ने कौशाम्बी की धरती का गौरव राष्ट्रीय पटल पर बढ़ाया है।
निष्ठा, नवाचार और समर्पण के साथ शिक्षा की अलख जगाने वाली शालिनी कुशवाहा की यह उपलब्धि निश्चित रूप से आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।








